Tuesday 11 July 2017

महत्वपूर्ण क्या है..?

मित्रों एक प्रश्न पर विचार कीजिए..

ज़िंदगी में आपके लिए सबसे महत्वपूर्ण क्या है..??

आपके दिमाग में जो- जैसे अच्छी नौकरी, मकान, स्वास्थ्य, परिवार, बैंक बैलेंस, बड़ी गाड़ी, नौकर-चाकर, बड़ा व्यवसाय, समाज में पहचान वगैरह- वगैरह..।
किन्तु क्या कभी आपने सोचा है, कि हमारे बीच में ही तमाम ऐसे लोग मौजूद हैं जिनके पास इस सूची से भी ज्यादा सुख- सुविधाएं उपलब्ध हैं। फिर भी उनके चेहरे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट देखी जा सकतीं हैं। वे बिना थके दिन रात निरंतर मेहनत करते जाते हैं। सफलता के नित नए पैमाने गढ़ते जाते हैं। एक लक्ष्य को प्राप्त करने के बाद दूसरा लक्ष्य, फिर तीसरा, चौथा और इसी तरह जीवन में आगे बढ़ने की भूख में सब कुछ भुला देना।

कभी-कभी हमें लगता है कि पैसे से हर खुशी हासिल की जा सकती है। स्वयं को कामयाब सिद्ध करने के चक्कर में हम अपने स्वास्थ्य, अपने शौक, समाज, प्रेम और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ही कितनी ही अन्य महत्वपूर्ण खुशियों की बलि चढ़ा देते हैं।
पहले पैसा कमाने के लिए स्वास्थ्य और खुशियों को दांव पर लगाते हैं, फिर इन्हें पाने के लिए पैसा खर्च करते हैं। क्या इसी का नाम Success है..? क्या यही जिंदगी है..?
जो जवाब आएं उन्हे एक कागज पर लिखते जाइए। इस प्रकार संभव है आपके पास उन चीजों की एक लंबी सूची तैयार हो जाए, जिन्हें आप अपने जीवन में सर्वाधिक महत्वपूर्ण मानते हैं।

अब उस सूची पर एक बार फिर से एक नजर डालिए और सोचिए उन वस्तुओं से हमें क्या हासिल होगा? क्यों चाहिए वे हमें? इस प्रश्न का सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर हो सकता है प्रसन्नता, सुकून और प्रेम।
बेशक, समय के साथ सफलता का अर्थ बदलता रहता है किन्तु फिर भी मानव जीवन का प्रमुख लक्ष्य होता है, खुशी और संतुष्टि प्राप्त करना।
इसके लिए ही हम अनेक साधन जुटाते हैं। क्या आपको नहीं लगता कि हर असफलता के पीछे यही प्रमुख उद्देश्य होता है..?
अत: जब भी अवसर मिले दिल खोलकर खुशी मनाइए, अन्यथा और लंबी सूची बनाने के चक्कर में, जो है उसका भी आनंद उठाने से वंचित रह जाएंगे।
प्रसिद्ध आध्यात्मिक चिंतक, प्रेरक वक्ता और लोकप्रिय पुस्तक Unposted Letter के लेखक ‘Mahatria Ra’ कहते हैं...
“जीवन में खुश रहने का फैसला करो, खुश रहने को अपने जीने का तरीका बनाओ”

आपकी सूची लंबी हो या छोटी, उससे कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। जो है, जितना है, जब भी है, जैसा भी है उसके साथ ही हर पल जीवन का जश्न मनाइए ।

No comments:

Post a Comment